*भीलवाड़ा फोकस न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
नवगठित नगरपालिका बनेड़ा में सोमवार को आमजन के लिए बड़ी सौगात के रूप में श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना (शहरी) का शुभारंभ नया बस स्टैंड परिसर में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में विधायक सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रसोई में भोजन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को मात्र 8 रुपए में सम्मानपूर्वक बैठाकर शुद्ध, पौष्टिक और भरपेट भोजन उपलब्ध कराना है। योजना के तहत प्रति थाली पर राज्य सरकार द्वारा 22 रुपए का अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा रसोई में भोजन की सुविधा प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी। भोजन की थाली में 300 ग्राम चपाती, 100 ग्राम दाल, 100 ग्राम सब्जी, 100 ग्राम चावल अथवा मिलेट्स (श्री अन्न) खिचड़ी और अचार शामिल रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण और शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है और विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी एवं प्रशासक बाबूलाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक चेचाणी, भाजपा नेता लक्ष्मी लाल सोनी, भाजपा मंडल महामंत्री राजमल माली, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भैरु लाल लक्षकार,पूर्व सरपंच संपत माली, उपसरपंच देबीलाल, युवा नेता महिम सुवालका सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और शहरवासी मौजूद रहे।
बनेड़ा के लोगों के लिए अन्नपूर्णा रसोई योजना शुरू होने से जरूरतमंद परिवारों, श्रमिकों और आम नागरिकों को कम कीमत में पौष्टिक भोजन की सुविधा मिलेगी।
