जिला जज अभय जैन ने वैद्य हंसराज चैधरी संग की आयुर्वेद पर गहन चर्चा
भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
न्याय व्यवस्था और स्वास्थ्य चेतना का अनूठा संगम मंगलवार को भीलवाड़ा में देखने को मिला, जब जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन ने अपने कोर्ट चैंबर में श्री नवग्रह आश्रम के संस्थापक वैद्य हंसराज चैधरी से आत्मीय मुलाकात कर आयुर्वेद और स्वास्थ्य विषयों पर लंबी एवं सार्थक चर्चा की।
मुलाकात के दौरान वैद्य हंसराज चैधरी ने अपनी चर्चित अंग्रेजी पुस्तक ‘कैंसर थु्र आयुर्वेदिक लेंस’ जिला जज अभय जैन को भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कैंसर उपचार में आयुर्वेद की भूमिका, अपने अनुभवों तथा प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। पुस्तक के माध्यम से उन्होंने आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति और स्वास्थ्य चेतना को लेकर अपनी गहन सोच साझा की।
बैठक के दौरान सामाजिक सरोकार, स्वास्थ्य जागरूकता, योग, तनाव प्रबंधन और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। चर्चा के दौरान जिला जज अभय जैन और वैद्य चैधरी के बीच इस बात पर सहमति बनी कि आगामी दिनों में जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों को तनावमुक्त जीवन, स्वस्थ दिनचर्या, योग, आयुर्वेदिक उपचार और मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय बताए जाएंगे, ताकि वे अपने व्यस्त कार्यक्षेत्र के साथ पारिवारिक जीवन में भी इन विधाओं का लाभ ले सकें।
वैद्य हंसराज चैधरी ने कहा कि जिला जज अभय जैन का स्नेह, मार्गदर्शन और प्रेरणादायी व्यक्तित्व हमेशा नई ऊर्जा देता है। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान समाज में सकारात्मक स्वास्थ्य संदेश पहुंचाने और आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर सार्थक संवाद हुआ।
उल्लेखनीय है कि श्री नवग्रह आश्रम द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान अब जिले में चर्चा का विषय बनते जा रहे हैं। आयुर्वेद के माध्यम से जनसेवा की यह अनूठी पहल लोगों के बीच तेजी से विश्वास और पहचान बना रही है।
