बारिश में डूबा अंडरपास, स्कूली बच्चों के साथ सड़क पर उतरे कॉलोनीवासी; नई पुलिया की मांग को लेकर प्रदर्शन

BHILWARA
Spread the love



*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा। शहर के वार्ड संख्या 66 स्थित मारुति नगर कॉलोनी के पास बायोस्कोप के सामने बने रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भर जाने से शुक्रवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कॉलोनीवासियों ने स्कूली बच्चों के साथ अंडरपास के निकट प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने अंडरपास से पानी की निकासी की व्यवस्था करने और स्थायी समाधान के रूप में नई पुलिया का निर्माण कराने की मांग की।



स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे कॉलोनी का संपर्क प्रभावित हो जाता है। मजबूरी में लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जबकि स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।

स्थानीय निवासी जुगल किशोर ने बताया कि अंडरपास में हर साल पानी भरने से लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। कई बार घंटों तक रास्ता बंद रहता है। उन्होंने मांग की कि यहां बड़ी पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात के दौरान पानी जमा न हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

स्थानीय महिला संतोष उपाध्याय ने कहा कि बारिश के मौसम में अंडरपास पूरी तरह पानी से भर जाता है। यदि किसी की तबीयत खराब हो जाए या कोई आपात स्थिति हो तो लोगों को मजबूरन रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। अन्य रास्तों से जाने पर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से अंडरपास की जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था करने, नई पुलिया का निर्माण कराने और बरसात के दौरान लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।