अस्पताल परिसर में भरा बारिश का पानी,दे रहा बीमारियों को न्योता

BHILWARA
Spread the love




गजानंद जोशी जहाजपुर,पडेर कस्बे के राजकीय अस्पताल परिसर में लगातार हुई बारिश के बाद भारी जलभराव की स्थिति बन गई है। अस्पताल परिसर का बड़ा हिस्सा पानी से लबालब भर जाने के कारण यह किसी तालाब जैसा दिखाई देने लगा है। जलभराव से अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा चिकित्सा कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पानी जमा होने से आवाजाही प्रभावित हो गई है और लोगों को कीचड़ व गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बन जाती है। लंबे समय तक पानी भरा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में जलभराव को लेकर लोगों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों और मरीजों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर परिसर को जलभराव से मुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं, लेकिन पानी भरने के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।