भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा जिले की अग्रणी दुग्ध संस्था गोकुल डेयरी (ब्रांड दूधवाला) ने सोमवार को अपने प्लांट परिसर में 22वां स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया। समारोह में डेयरी के चेयरमैन, मुख्य सलाहकार, प्रबंध संचालक, जनरल मैनेजर, परिवारजन, कर्मचारियों तथा मुख्य अतिथि एल. के. जैन (पूर्व प्रबंध संचालक, भीलवाड़ा सरस डेयरी) की उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध संचालक अशोक चौबे ने कहा कि गोकुल डेयरी वर्तमान में जिले के करीब 11 हजार पशुपालकों से जुड़ी हुई है। डेयरी पशुपालकों को उचित मूल्य के साथ मुख्यमंत्री दुग्ध संबल योजना के तहत ₹5 प्रति लीटर का प्रोत्साहन उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा डेयरी अपने स्तर से भी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का भुगतान कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्थान ने आगामी वर्षों में प्रतिदिन 50 हजार लीटर दूध की खरीद एवं बिक्री का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके अनुरूप उत्पादन, संग्रहण और विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्य सलाहकार मुरलीधर व्यास ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि डेयरी भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक वर्ष वेतन एवं भत्तों में वृद्धि के साथ-साथ कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
मुख्य अतिथि एल. के. जैन ने डेयरी की प्रगति की सराहना करते हुए कर्मचारियों से गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं अनुशासित कार्यसंस्कृति अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दूध एवं दुग्ध उत्पादों की नई श्रृंखला विकसित कर बाजार में उतारने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में जनरल मैनेजर अमित व्यास ने सभी अतिथियों, कर्मचारियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिले तथा आसपास के क्षेत्रों में गोकुल डेयरी (ब्रांड दूधवाला) के उपभोक्ता आधार को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि गुणवत्ता और विश्वास के बल पर डेयरी निरंतर विकास की ओर अग्रसर रहेगी।
समारोह के दौरान डेयरी की 22 वर्षों की विकास यात्रा, पशुपालकों के प्रति प्रतिबद्धता तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
