गंगापुर, गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगापुर क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बाघपुरा में राज्य सरकार के “पढ़ो राजस्थान अभियान” के तहत विशेष प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पीईईओ ढोसर दिलीप सिंह चुंडावत ने 11 बालक-बालिकाओं का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उनका विद्यालय में प्रवेश कराया।
जानकारी के अनुसार इन बालक-बालिकाओं को आसपास की फैक्ट्रियों में कार्यरत परिवारों से संपर्क कर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया। अभियान का उद्देश्य विद्यालय से वंचित बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिलाते हुए उन्हें नियमित रूप से अध्ययन से जोड़ना है।
इस अवसर पर पीईईओ दिलीप सिंह चुंडावत ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक सुरेश चंद्र रेगर, ललित कुमार सामलोट, मैना सुवालका, संगीता खटीक, प्रकाश चंद्र जीनगर सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
