मोबाइल से दूरी और पुस्तक पठन पर दिया जोर, विद्यार्थियों ने लिया नियमित पुस्तक पढ़ने का संकल्प
असलम रंगरेज
काछोला। जिला परियोजना समन्वयक, भीलवाड़ा कल्पना शर्मा ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय काछोला का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षण कार्य, विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान विद्यालय में संचालित ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ रीडिंग प्रमोशन कैंपेन के तहत विद्यार्थियों को नियमित पुस्तक पठन के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने, पढ़ने की आदत विकसित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
प्रधानाचार्य ने मोबाइल से दूरी और पुस्तक पठन पर दिया जोर
विद्यालय की प्रधानाचार्य सोनिया स्वर्णकार ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग के कारण बच्चों का पुस्तकों से जुड़ाव लगातार कम होता जा रहा है। मोबाइल और सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने से बच्चों की एकाग्रता, अध्ययन क्षमता एवं रचनात्मक सोच प्रभावित हो सकती है। ऐसे में ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ जैसे अभियान बच्चों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे घर पर भी बच्चों के लिए अध्ययन का सकारात्मक वातावरण तैयार करें और प्रतिदिन कुछ समय पुस्तक पठन के लिए निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि परिवार और विद्यालय मिलकर बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करें तो उनका बौद्धिक, भाषाई एवं व्यक्तित्व विकास अधिक प्रभावी ढंग से संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने तथा अपने साथियों को भी ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला परियोजना समन्वयक कल्पना शर्मा ने विद्यालय की शैक्षिक स्थिति एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा विद्यालय स्टाफ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर जिला प्रोग्राम अधिकारी सुनील पोरवाल भी उपस्थित रहे। विद्यालय स्टाफ की ओर से अधिकारियों का स्वागत किया गया तथा विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराया गया। अधिकारियों ने विद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की प्रशंसा की।
