दिलखुश मोटीस
कुंभलगढ़(राजसंमद)@भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कुम्भलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के विधायक प्रत्याशी रहे डॉ. राम मीणा, दिनेश जोगावत,पाली को प्रदेश सचिव पद पर मनोनीत किया है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रमेश मईड़ा द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में केंद्रीय एकीकरण समिति के अनुमोदन के उपरांत यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. राम मीणा की नियुक्ति की घोषणा के बाद कुम्भलगढ़, राजसमंद एवं आसपास के क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त प्रदेश सचिव डॉ. राम मीणा ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय एकीकरण समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
डॉ. राम मीणा ने कहा कि आगामी समय में उनका विशेष फोकस संगठन विस्तार, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, ग्राम स्तर तक संगठन का सशक्त नेटवर्क तैयार करने तथा आदिवासी समाज सहित सभी वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने पर रहेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग एवं नेतृत्व के मार्गदर्शन में भारत आदिवासी पार्टी आगामी पंचायतीराज चुनाव में संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
