*पुनित चपलोत*
भीलवाड़ा // गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का सम्मान दिलाने की मुहिम और गुर्जर समाज की एकजुटता को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय हिन्दू भोज सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल गुर्जर ने नोएडा में आयोजित अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की राष्ट्रीय बैठक में भाग लेने के बाद नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सविता ठाकुर से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान गौ संरक्षण, गौ सेवा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर चर्चा हुई।
गोपाल गुर्जर ने केंद्रीय मंत्री को गौ सेवा और संरक्षण से जुड़े अपने अभियानों की जानकारी देते हुए गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ के रूप में सम्मान दिलाने की मुहिम का मुद्दा रखा। इस पर मंत्री ने गौ सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अभियान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
तालकटोरा स्टेडियम में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
इधर, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने आगामी 29 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के अवसर पर नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रस्तावित गुर्जर स्वाभिमान रैली की तैयारियां तेज कर दी हैं। रैली में देशभर से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं को जुटाने की रणनीति पर नोएडा में हुई राष्ट्रीय बैठक में मंथन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने की, जबकि संचालन गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी इसमें शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि रैली के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमतियां प्राप्त हो चुकी हैं। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए अलग-अलग समितियां गठित कर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। संगठन विस्तार और समाज के अधिक से अधिक लोगों को रैली से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।
गोपाल गुर्जर की केंद्रीय मंत्री से मुलाकात और राष्ट्रीय स्तर की संगठनात्मक सक्रियता को गुर्जर समाज के बीच उनकी बढ़ती भूमिका के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। समाज के लोगों ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक पहल बताते हुए आगामी कार्यक्रमों की सफलता के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
