बिजोलिया – शुभम जैन। कस्बे में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात में चोरी की तीन वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। चोरों ने इंदिरा कॉलोनी और अटल कॉलोनी में दो मकानों को निशाना बनाते हुए दो बाइक चोरी कर लीं, जबकि एक मकान में बाइक चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी निवासी रमेश तेली के मकान में घुसे अज्ञात चोर घर में खड़ी बाइक चोरी कर फरार हो गए। इसके बाद चोरों ने अटल कॉलोनी निवासी राजेश नागर के मकान को निशाना बनाया। चोर घर में घुसकर सामान खंगालने के बाद घर में खड़ी बाइक लेकर फरार हो गए।
इसी दौरान इंदिरा कॉलोनी निवासी विजय यादव के मकान में भी चोरों ने बाइक चोरी का प्रयास किया। चोरों ने बाइक का लॉक तोड़ने की कोशिश की, लेकिन लॉक नहीं टूटने के कारण वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
एक ही रात में लगातार हुई चोरी की इन वारदातों से क्षेत्रवासियों में रोष है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही चोरी की वारदातों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
