बिजौलिया – शुभम जैन । थाना पुलिस ने खेतों से सिंचाई के इंजन-पंप चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के इंजन-पंप बरामद किए हैं। वहीं, चोरी में सहयोग करने वाले एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है। वारदात में प्रयुक्त लोडिंग टेम्पो भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को ललित कुमार भट्ट निवासी बिजौलिया ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि पार्श्वनाथ मंदिर के पास बन्नी के बालाजी मंदिर के पीछे स्थित उसके खेत से सिंचाई के लिए लगाया गया इंजन-पंप अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की। पूछताछ में हरिश मीणा (22) निवासी गोविंदपुरा ने खेतों में लगे सिंचाई इंजन-पंप चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले मुकेश राठौड़ (30) निवासी बिजौलिया को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के इंजन-पंप बरामद किए गए। साथ ही चोरी की वारदात में सहयोग करने वाले एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लोडिंग टेम्पो नंबर भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अन्य स्थानों से चोरी किए गए दो और सिंचाई इंजन-पंप बरामद किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में और चोरी की वारदातों के खुलने की संभावना जताई गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया, हेड कांस्टेबल सुनील चाहर, कांस्टेबल गीतम सिंह, लाखन सिंह, सुरेन्द्र सिंह और जितेन्द्र शामिल रहे।
