*कैंसर से बचना है तो थाली और दिनचर्या बदलें: हंसराज चौधरी*

BHILWARA
Spread the love


भारत विकास परिषद की संगोष्ठी में बोले- प्रकृति के जितना करीब रहेंगे, कैंसर से उतना ही दूर रहेंगे

शाहपुरा।  मूलचन्द पेसवानी  
कैंसर का नाम सुनते ही डरने की बजाय इससे बचाव के उपायों पर ध्यान देना जरूरी है। स्वस्थ जीवन की शुरुआत अस्पताल से नहीं, बल्कि हमारी रसोई और दिनचर्या से होती है। रिफाइंड तेल और बाजार के नमक का उपयोग कम करने के साथ सीजनल, रीजनल और ऑरिजनल आहार को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। यह बात वैद्य हंसराज चौधरी, संस्थापक अध्यक्ष श्रीनवग्रह आश्रम सेवा संस्थान मोतीबोर का खेड़ा, रायला ने कही।


वे सोमवार को भारत विकास परिषद शाखा शाहपुरा की ओर से गांधीपुरी स्थित आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ‘कैंसर रोग : बचाव, जागरूकता एवं उपचार’ विषयक संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में भाविप के प्रांतीय पदाधिकारी जयदेव जोशी और आदर्श विद्या मंदिर प्रबंध समिति के सचिव विजय सिंह मौजूद रहे।
चौधरी ने कैंसर से बचाव के विभिन्न पहलुओं को बारीकी से समझाया। उन्होंने कहा कि संयमित जीवन और संयमित आहार स्वस्थ रहने की सबसे बड़ी कुंजी है। बाजार के फास्ट फूड के बजाय घर और खेत से मिलने वाले उत्पादों का अधिक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति से दूरी बढ़ने के साथ जीवनशैली भी बदल रही है। प्रकृति के जितना करीब रहेंगे, कैंसर से उतना ही दूर रहेंगे।


उन्होंने कहा कि आज लोग दिखावे और आडंबर पर बड़ी राशि खर्च कर रहे हैं। यदि इसी राशि का कुछ हिस्सा गुणवत्तापूर्ण खान-पान पर खर्च किया जाए तो स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी जोर दिया और कैंसर से संबंधित रक्त जांच के प्रति लोगों को जागरूक किया।
महिलाओं और युवतियों को खान-पान, पहनावे, स्वच्छता और तनावमुक्त जीवन के प्रति विशेष रूप से जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही भारत सरकार की ओर से कैंसर रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।
भाविप अध्यक्ष पवन बांगड़ ने स्वागत करते हुए कहा कि कैंसर की बढ़ती भयावहता को देखते हुए परिषद ने यह नवाचार किया है और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे। परमेश्वर कुमावत ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए चौधरी का परिचय दिया। अंत में जयदेव जोशी ने आभार जताया।
श्रीनवग्रह आश्रम में अब तक हजारों कैंसर रोगियों को उपचार एवं मार्गदर्शन दिए जाने की जानकारी भी कार्यक्रम में साझा की गई।