शिवालय व मंदिरों में किया भोलेनाथ का जलाभिषेक
जसवंत पारीक आकोला।
सावन माह के पावन अवसर पर आकोला कस्बा सोमवार को भोलेनाथ की भक्ति में रंगा नजर आया। 51 महिलाओं ने आकोला बनास नदी से कांवड़ में पवित्र जल भरकर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। कांवड़ यात्रा के दौरान महिलाओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बनास नदी से शुरू हुई कांवड़ यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होती हुई शिवालय, रघुनाथद्वारा मंदिर एवं लक्ष्मीनाथ मंदिर पहुंची। यात्रा में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं अच्छी बारिश की कामना की। कांवड़ यात्रा के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
