26 अगस्त को निकलेगी विशाल कावड़ यात्रा, संतों का मिलेगा सानिध्य

BHILWARA
Spread the love



मांडलगढ़। भगवान महादेव की भक्ति और आस्था से ओतप्रोत विशाल कावड़ यात्रा का आयोजन 26 अगस्त को मांडलगढ़ क्षेत्र में किया जाएगा। युवा नेता मुकेश खंडेलवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाली कावड़ यात्रा सुबह 8 बजे त्रिवेणी संगम से रवाना होकर मुंडला महादेव जी होड़ा पहुंचेगी। यात्रा को लेकर शिवभक्तों में उत्साह है और आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जारी हैं।



कावड़ यात्रा के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल रहेंगे। यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा में द्वारकाधीश पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी श्री श्री 1008 श्री रामेश्वर दास जी महाराज, राष्ट्रीय अध्यक्ष सनातन धर्म परिषद् (संत प्रकोष्ठ), तराना-उज्जैन का सानिध्य रहेगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय तीर्थ स्थल श्री सवाईभोज महाराज आसींद के परम पूज्य महंत श्री 1008 सुरेश दास जी महाराज भी यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

संतों के सानिध्य में निकलने वाली कावड़ यात्रा में शिवभक्त पवित्र जल लेकर भगवान महादेव के जयकारे लगाते हुए मुंडला महादेव जी होड़ा पहुंचेंगे। यात्रा में उज्जैन से महाकाल एवं कालका माता की विशेष झांकियां भी लाई जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। झांकियों के साथ भगवान शिव के जयकारों से यात्रा मार्ग भक्तिमय रहेगा।



यात्रा के दौरान राजस्थान के प्रसिद्ध गायक कलाकारों द्वारा लाइव भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा विभिन्न अखाड़ों की ओर से अलगोजा और मसक वादन का प्रदर्शन किया जाएगा। भजनों, धार्मिक झांकियों एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बीच कावड़ यात्रा का माहौल भक्तिमय और आकर्षक रहेगा।

आयोजक मुकेश खंडेलवाल ने मांडलगढ़ सहित आसपास के गांवों के शिवभक्तों से अधिकाधिक संख्या में कावड़ यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भगवान महादेव की भक्ति से जुड़ी इस यात्रा में श्रद्धालु परिवार सहित शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। आयोजकों के अनुसार यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।