शाहपुरा पालिका की कमान सेन के हाथ, पदभार संभालते ही बोले- जनता को काम के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे

BHILWARA
Spread the love


रमेश सेन ने संभाला पालिकाध्यक्ष का पदभार, बोले- जनभावनाओं के अनुरूप होंगे विकास कार्य; 24 घंटे मोबाइल पर सुनी जाएगी जनता की बात

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
नगर पालिका अध्यक्ष पद पर गुरुवार को कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश सेन ने विधिवत पदभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र रेगर, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहम्मद इशाक सहित कांग्रेस के पार्षद मौजूद रहे। पदभार संभालने के बाद सेन ने कहा कि शाहपुरा के विकास को लेकर कांग्रेस प्रतिबद्ध है और शहर की जनता की जनभावनाओं के अनुरूप प्राथमिकता से काम करवाए जाएंगे।
सेन ने कहा कि आमजन को अपने काम के लिए नगर पालिका के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्या सीधे उनके मोबाइल पर बता सकेंगे। उन्होंने दावा किया कि जनता की समस्याएं सुनने के लिए वे 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे और समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे।
सम्मान समारोह में हुआ अभिनंदन
पदभार ग्रहण के बाद नगर पालिका परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजकुमार बैरवा, अशोक भारद्वाज, अजय मेहता सहित कांग्रेस नेता, पार्षद, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह में नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष रमेश सेन के साथ कांग्रेस के पार्षदों का भी अभिनंदन किया गया।
समारोह के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। सेन का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई पालिका टीम से शहर के विकास को गति देने की उम्मीद जताई।
भाजपा के पूर्व पालिकाध्यक्ष भी पहुंचे
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल धाकड़ का पहुंचना भी चर्चा में रहा। धाकड़ ने रमेश सेन से मुलाकात कर उन्हें पालिकाध्यक्ष बनने पर बधाई दी। राजनीतिक मतभेदों से अलग इस मुलाकात को सामाजिक स्तर पर सकारात्मक संदेश के रूप में देखा गया।
विधि-विधान से हुआ पूजन
पदभार ग्रहण से पहले पंडित अशोक पोंडरीक ने विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद सेन ने पालिका अध्यक्ष की कुर्सी संभाली। इस दौरान पालिका परिसर में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी रही।
अध्यक्ष पद संभालने के बाद अब रमेश सेन के सामने शहर की मूलभूत समस्याओं, विकास कार्यों और आमजन की अपेक्षाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन के बाद नई पालिका टीम के सामने अब शाहपुरा के विकास का रोडमैप तैयार करने पर निगाहें टिकी हैं।