Bhilwara NewsCrime News

बिजौलिया पुलिस ने बाइक चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार


माजी साहब का खेड़ा से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पकड़ा आरोपी

बिजौलिया ।  थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरूलाल उर्फ वीरम कंजर निवासी मंडावरी, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक सागर आईपीएस के निर्देश पर जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य एवं मांडलगढ़ वृत्ताधिकारी योगेश शर्मा के सुपरविजन में बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

सराय के बाहर खड़ी बाइक हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को परिवादी लोकेश शर्मा निवासी लाम्बाखोह, थाना डाबी, जिला बूंदी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम माजी साहब का खेड़ा में रसोई बनाने आया हुआ था। इस दौरान सराय के बाहर खड़ी उसकी हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर चोरी गई मोटरसाइकिल और आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पूछताछ में कबूली चोरी, बाइक बरामद

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर संदिग्ध वीरूलाल उर्फ वीरम कंजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

इनकी रही भूमिका

कार्रवाई में बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पाण्डया, सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह और कांस्टेबल मायाराम शामिल रहे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!