बिजौलिया में 40 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग, हेला समाज ने सौंपा ज्ञापन

दो साल से बेरोजगार होने का दावा, नगर पालिका में समाज के लोगों को प्राथमिकता देने की मांग
बिजौलिया। कस्बे में सफाई कार्य से जुड़े हेला समाज के लोगों ने मंगलवार को नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी तरुण कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर समाज के 40 सफाई कर्मचारियों को नियुक्त करने की मांग की। समाज के लोगों ने बताया कि वे पीढ़ियों से बिजौलिया कस्बे में सफाई का कार्य करते आ रहे हैं, लेकिन पिछले दो वर्षों से उनके सामने रोजगार का संकट बना हुआ है।
ज्ञापन में बताया कि रियासतकाल से लेकर पंचायत गठन और नगर पालिका बनने तक हेला समाज के लोग कस्बे की सफाई व्यवस्था में योगदान देते रहे हैं। समाज का आरोप है कि नगर पालिका गठन के बाद सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति में उनके समाज की अनदेखी की गई। इस संबंध में पूर्व में तत्कालीन अधिशाषी अधिकारी, उपखंड अधिकारी, जिला कलेक्टर और विधायक को भी ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर को नगर पालिका में 18 से 22 सफाई कर्मचारी नियुक्त किए गए, जबकि उनके समाज के 40 लोग रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। ज्ञापन के अनुसार, समाज के 50 से अधिक लोगों ने सफाई कर्मचारी पद के लिए आवेदन भी कर रखे हैं।
हेला समाज ने बताया कि कई परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं तथा उनमें विधवा और एकल महिलाएं भी शामिल हैं। ऐसे में रोजगार उपलब्ध कराने की मांग करते हुए समाज के 40 लोगों को सफाई कर्मचारी के रूप में नियुक्त करने की मांग की गई।



