एरू नदी में डूबने से दिव्यांग व्यक्ति की मौत, क्षेत्र में शोक

व्हीलचेयर के सहारे पहुंचे थे नदी किनारे, हाथ धोते समय पैर फिसलने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
तिलस्वां । तिलस्वां महादेव मंदिर परिसर के निकट एरू नदी में बुधवार सुबह एक हादसे में चिताबड़ा निवासी दिव्यांग सीताराम कंजर की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीताराम बुधवार सुबह करीब छह बजे हाथ धोने के लिए एरू नदी के किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से उनके गहरे पानी में चले जाने की आशंका जताई जा रही है। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि सीताराम दिव्यांग थे और व्हीलचेयर के सहारे नदी तक पहुंचे थे। वह तिलस्वां महादेव मंदिर परिसर में रहकर भिक्षावृत्ति के माध्यम से अपना जीवनयापन कर रहे थे। सुबह हुए इस हादसे से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में दुख का माहौल है।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।



