जलिन्द्री में कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, काकरोलिया घाटी की टीम बनी विजेता

बिजौलिया। जय रूप सिंह दरबार के तत्वावधान में गणेशपुरा-जलिन्द्री में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता सीजन-4 का शनिवार रात समापन हुआ। 12 से 14 नवंबर तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित रात्रिकालीन प्रतियोगिता में 24 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान दो टीमों के बीच विवाद भी सामने आया। इसके बाद आयोजन समिति ने प्रतियोगिता रद्द करते हुए अपने निर्णय के अनुसार काकरोलिया घाटी की टीम को विजेता घोषित किया। वहीं आयोजक गणेशपुरा की टीम उपविजेता तथा सूरी रानीपुरा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
आयोजक समिति से मिली जानकारी के अनुसार विजेता टीम को 15 हजार रुपए व ट्रॉफी, उपविजेता को 7100 रुपए व ट्रॉफी तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 3100 रुपए व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट रेडर, बेस्ट डिफेंडर और ऑलराउंडर की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।






















































