Bhilwara News

बिजौलिया में उपप्रधान पद पर कांग्रेस का कब्जा, भंवर मीणा ने प्रकाश शर्मा को 1 वोट से हराया

कांग्रेस को मिले 8 मत, भाजपा प्रत्याशी प्रकाश शर्मा को 7 वोट; मतदान के दौरान पंचायत समिति के बाहर समर्थकों की रही भीड़

बिजौलिया। बिजौलिया पंचायत समिति में उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी भंवर मीणा ने जीत दर्ज की है। मतदान के बाद हुई मतगणना में भंवर मीणा को 8 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रकाश चंद्र शर्मा को 7 मत प्राप्त हुए। इस तरह भंवर मीणा ने एक मत के अंतर से उपप्रधान पद पर जीत हासिल की।

मतदान प्रक्रिया के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के प्रत्याशी अपने-अपने समर्थित पंचायत समिति सदस्यों के साथ बाड़ाबंदी से सीधे मतदान केंद्र पहुंचे। पंचायत समिति में सदस्यों ने बारी-बारी से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान पंचायत समिति परिसर के बाहर दोनों दलों के समर्थकों की भीड़ जुटी रही। अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में समर्थक बाहर डटे रहे और परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी रही।

मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना की गई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी भंवर मीणा को 8 और भाजपा प्रत्याशी प्रकाश चंद्र शर्मा को 7 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

गौरतलब है कि 27 नवंबर को हुए प्रधान पद के चुनाव में 15 सदस्यीय पंचायत समिति में कांग्रेस के 8 और भाजपा के 7 सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बावजूद आरक्षण की बाध्यता के चलते कांग्रेस प्रधान पद के लिए प्रत्याशी नहीं उतार सकी थी और भाजपा के शिवराज सोयल निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए थे। अब उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर पंचायत समिति में अपना प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!