बिजौलिया। वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर गुरुवार को बिजौलिया ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत वोट चोर गद्दी छोड़ो हस्ताक्षर अभियान से हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
बैठक का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं विधानसभा प्रभारी डॉ. सुनील लारा तथा ब्लॉक प्रभारी रफीक शेख ने किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अंकित तिवारी, प्रदेश सचिव विभा माथुर, मंडल अध्यक्ष अनिल राव, विक्रम सोनी, वंदना माथुर, जगदीश सांखला, शक्ति नारायण शर्मा, गोपाल शर्मा, रणजीत सिंह कानावत, विशाल तिवारी, मनीष टांक, मुकेश खटीक, अनिल कंबोज, रामेश्वर लाल सेन, बालकिशन खटीक, राजेंद्र माथुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में वरिष्ठ संगठन मंत्री शक्ति नारायण शर्मा ने कार्यकर्त्ताओ को बैठक की सूचना की कमी पर नाराजगी जताई, वहीं विधानसभा प्रभारी डॉ. सुनील लारा ने अनुपस्थित मंडल अध्यक्षों पर सख्ती दिखाते हुए बिजौलिया मंडल अध्यक्ष अनिल राव को सभी अनुपस्थित अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। लारा ने यह भी घोषणा की कि लंबे समय से खाली चल रहे ब्लॉक अध्यक्ष पद पर 7 दिनों के भीतर नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यों का सम्मान करते हुए एकजुट रहना चाहिए।
बैठक के दौरान प्रदेश सचिव विभा माथुर ने कार्यकर्ताओं को आगामी 8 अक्टूबर को मांडलगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर एवं सुशीला देवी की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया और तैयारियों की जानकारी साझा की।