BHILWARA

सचिन पायलट बोले- भाजपा ने जनता के साथ विश्वासघात किया:कहा- विकास कार्यों में कांग्रेस ने अंता को हमेशा आगे रखा


अंता उपचुनाव को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा- अंता में जो विकास कार्य हुआ है, वो कांग्रेस के शासनकाल में हुए हैं। कांग्रेस ने विकास के क्षेत्र में इस इलाकों को हमेशा आगे रखा है। बुधवार को सचिन पायलट अंता पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में रोड शो किया।

सचिन पायलट ने कहा- यहां के भाजपा विधायक को हमने नहीं, बल्कि माननीय न्यायालय ने अयोग्य घोषित किया था। कोर्ट ने कहा कि वो इस योग्य नहीं है कि सदन के सदस्य रहे, इसलिए यहां उप चुनाव हो रहा है।



‘भाजपा ने जनता के साथ विश्वासघात किया’
पायलट बोले- उपचुनाव में जनता बीजेपी की 2 साल पुरानी सरकार का आकलन कर रही है। जिन बातों को बोलकर भाजपा सरकार में आई थी, उन सब से वो पीछे हट चुके हैं। भाजपा ने 2 साल में जनता के साथ विश्वासघात किया है। भाजपा की सत्ता और संगठन में जो अंदरूनी खिंचाव है, वो टिकट वितरण के समय सामने आ चुका है।

अच्छे बहुमत से जीत का दावा
उन्होंने कहा- ये चुनाव कांग्रेस पार्टी बहुत अच्छे बहुमत से जीतेगी। सरकार पूरी ताकत लगा रही है, पूरी मशीनरी लगा रही है लेकिन बावजूद उसके मुझे पूरा विश्वास है कि 36 कौम के लोग हमेशा की तरह कांग्रेस पार्टी को वोट देंगे और कांग्रेस उम्मीदवार यहां से अच्छे बहुमत से जीत के जाएंगे।

‘बिहार में डबल इंजन फेल’
बिहार चुनाव को लेकर पायलट ने कहा- अभी बिहार में चुनाव है, वहां पर बड़े बहुमत के साथ महा गठबंधन सत्ता में आने वाला है और 20 साल की व्यवस्था को जनता बदलना चाहती हैं। बिहार में डबल इंजन फेल हो चुका है।

सचिन पायलट का सुबह करीब 10 बजे अंता पहुंचने का कार्यक्रम था। हालांकि, वो करीब 2 घंटे देरी से पहुंचे। पायलट के अंता पहुंचने पर जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

दोपहर करीब 12:15 बजे रोड शो कोटा-बारां रोड पर एनटीपीसी तिराहे से शुरू हुआ। ये रोड शो कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इस दौरान कस्बे में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया। रोड शो ग्रामीण क्षेत्रों से होते हुए मांगरोल में समाप्त होगा। जहां एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

रोड शो में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया, पूर्व मंत्री अशोक चांदना, छापड़ा पूर्व विधायक करण सिंह, जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, किशनगंज पूर्व विधायक निर्मला सहरिया, उर्मिला जैन भाया, बारां पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!