BHILWARA

बैलगाड़ी आगे लगाकर बाप-बेटी को रोका, पाइप व कुल्हाड़ी से किया हमला, पूर्व सरपंच सहित दो दर्जन लोगों पर आरोप


भीलवाड़ा । एक दिन पहले हुई मारपीट को लेकर मेडिकल करवाने के बाद रात में सदर थाने से घर लौट रहे बाप-बेटी को कुछ लोगों ने बैलगाड़ी आड़े लगाकर रोकते हुये पाइप व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जबकि बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पीडित ने कांदा गांव में हुई मारपीट का आरोप पूर्व सरपंच सहित दो दर्जन लोगों पर लगाया है।

कांदा निवासी भैंरूलाल जाट ने मीडिया को बताया कि परसों के दिन गांव में धनसिंह के यहां खाना था। परिवादी की बेटी खाना खाकर वहां से घर लौट रही थी। मंदिर के पीछे उसकी बेटी से मारपीट की गई। इसे लेकर उसी दिन रात में सदर थाने में रिपोर्ट दे दी गई। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल के लिए सोमवार को बुलाया।


भैंरू ने बताया कि वह अपनी बेटी सोनिया के साथ सदर थाने गया। जहां से उन्हें पुलिस सुवाणा अस्पताल ले गई, लेकिन मशीनें नहीं होने से उन्हें जिला अस्पताल भिजवा दिया। मेडिकल व प्राथमिक उपचार के बाद बाप-बेटी पुनः सदर थाना गये। इसके बाद वहां से रात करीब आठ बजे वे, अपने गांव कांदा पहुंचे, जहां बैलगाड़ी आड़े लगाकर दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने बाइक पर पीछे बैठी बेटी पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया, जिससे वह नीचे गिर गई। उसे बचाने परिवादी गया तो उस पर कुल्हाड़ी व पाइप से हमला कर दिया। भैंरू ने बताया कि हमला करने वालों में पूर्व सरपंच शिवलाल जाट, श्यामलाल जाट, प्रभु, मुकेश सहित 25-30 लोग शामिल थे। हमले में बाप-बेटी घायल हो गये। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां भैरू को भर्ती कर लिया, जबकि उसकी बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

यह है विवाद

भैंरू जाट ने बताया कि उसने आरोपित पक्ष की जमीन के पास सवा नौ बीघा जमीन खरीदी थी। भैरू का आरोप है कि ये लोग उक्त जमीन को हड़पना चाहते हैं। जमीन का खाता भी नहीं खुलने दे रहे। इसी को लेकर ये आरोपित उसे जान से मारना चाहते हैं।

वाहनों से कुचलने की दी धमकी

पीडित भैंरू ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने उसे धमकी दी कि उनके पास पैसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी आदि सब कुछ है। वे, उसे वाहन के टायर तले कुचलकर मार देंगे। भैंरू ने कहा कि उसे इन आरोपितों से जान का खतरा बना हुआ है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!