BHILWARA

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सुरक्षित मातृत्व दिवस आयोजित, प्रसूति महिलाओं को मिली स्वास्थ्य जांच व पोषण सामग्री

शक्करगढ़

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 18 नवम्बर 2025 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिटोड़ा जागीर  में सुरक्षित मातृत्व दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना, सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देना तथा मातृ मृत्यु दर में कमी लाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रसूति महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, ब्लड प्रेशर, वजन मापन, आवश्यक लैब टेस्ट, भ्रूण की स्थिति संबंधी जांच एवं अन्य संबंधित परीक्षण किए गए। साथ ही महिलाओं को गर्भावस्था के विभिन्न चरणों में अपनाई जाने वाली सावधानियों, पोषण, आयरन-फोलिक एसिड की नियमित खुराक, टीकाकरण, एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।


प्रभारी डॉ. मयंक झंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हर माह की 9, 18 और 27 तारीख को मातृत्व दिवस का आयोजन किया जाता है। इन तिथियों पर आने वाली गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच, उपचार और आवश्यक परामर्श देकर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सरल, सुलभ और नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है।

आज के आयोजन में प्रसूति महिलाओं को गुड़ एवं चने का वितरण किया गया, ताकि उन्हें पोषण का अतिरिक्त लाभ मिल सके और आयरन की कमी को दूर किया जा सके। कार्यक्रम के संचालन में नर्सिंग ऑफिसर शिवांशु शर्मा, हरिराज मीणा, कुलदीप सेन, राजेश कुमार मीणा, तथा प्रसाविका गीता मीणा व सीमा मीणा का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को नियमित जांच, आयरन दवाओं के सेवन, साफ-सफाई, प्रसव पूर्व व प्रसव पश्चात देखभाल के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए नियमित तौर पर मातृत्व दिवस पर आने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!