भीलवाड़ा। कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी सुनील चौधरी के नेतृत्व में बनाई गई टीम द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है । घटना बीती 2 सितंबर की रात की है, जब शास्त्रीनगर निवासी धर्मंदास मगनानी अपने पुत्र सुनील के साथ मीना मार्केट स्थित अपनी दुकान बंद कर एक्टिवा से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने घर के बाहर पहुंचे, एक सफेद स्विफ्ट कार में सवार 6-7 बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धर्मंदास पर लाठियों से प्रहार किया, जिससे उनकी स्कूटी गिर गई और डिक्की खुलने से 9 लाख 90 हजार रुपये से भरा बैग बाहर गिर पड़ा।

बदमाश बैग छीनकर कार में फरार हो गए। पिता-पुत्र दोनों इस हमले में घायल हुए और शोर मचाने पर मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर भाग चुके थे। पीड़ित ने रिपोर्ट में दो बदमाशों को पहचानने की बात कही है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने लगातार दबिशें दीं और वार्ड 13 शिवपुरी मोहल्ला, हुरड़ा निवासी 23 वर्षीय दिलखुश तेली उर्फ दिलशा को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनसे जुड़े सुरागों पर काम किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार प्रयास जारी है।
