BHILWARA

बिजोलिया में सूने मकानों पर चोरों की नजर, दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम , शादी में गए परिवार का घर खंगाला


पहले भी हो चुकी हैं 3-4 वारदातें, पुलिस के हाथ खाली

बिजोलिया। नगर पालिका के पीछे स्थित एक मकान में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास नवीन कुमार पुत्र राम किरण चित्तौड़ा के घर की बताई जा रही है। चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए घर में घुसकर अलमारी व पेटी के ताले तोड़ दिए और पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया।

[metaslider id=”6401″]



शादी समारोह में गया था परिवार, सूना पड़ा था मकान

पीड़ित के अनुसार, परिवार में शादी होने के कारण सभी सदस्य नगर में ही बड़े भाई के मकान में गए हुए थे। भगवान का भोग लगाने के लिए जब परिवार वापस लौटा तो घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर कपड़े, साड़ियां तथा मंदिर से भगवान की चांदी की मूर्ति और चांदी की चेन चुरा ले गए।

[metaslider id=”6448″]



मोहल्ले में संदिग्ध महिलाओं के घूमने की सूचना

घटना के बाद आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने पर सामने आया कि वारदात से पहले कुछ अज्ञात महिलाएं मोहल्ले में घूमती हुई देखी गई थीं। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



दान-दक्षिणा के नाम पर रैकी का शक

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बाहर से आए अज्ञात लोग बिजोलिया में डेरा जमाए हुए हैं, जो नगर के अलग-अलग वार्डों में घर-घर जाकर दान-दक्षिणा मांगते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं लोगों द्वारा सूने मकानों की रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है।



पहले भी हो चुकी हैं 3-4 वारदातें, पुलिस के हाथ खाली

नगर में बीते दिनों में इसी तरह की तीन से चार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कई मामलों में पीड़ितों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

लगातार चोरियों से नागरिकों में भय, गश्त बढ़ाने की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि व दिनकालीन गश्त बढ़ाने तथा जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button