BHILWARA

राज्यपाल के अभिभाषण पर विधायक अशोक कोठारी का समर्थन


भीलवाड़ा को मिली सौगातों का जताया आभार

भीलवाड़ा 31 जनवरी। राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने अभिभाषण पर विश्वास व्यक्त करते हुए सरकार के कार्यों का समर्थन किया। उन्होंने अध्यक्ष महोदय को समय देने के लिए धन्यवाद देते हुए गौमाता को नमन और सदन के सभी सदस्यों को प्रणाम किया।
विधायक कोठारी ने कहा कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिला है, जिनके निर्णयों से भारत का स्वाभिमान, गौरव और सुरक्षा मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि विकास और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और निकट भविष्य में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। हाल ही में यूरोपीय यूनियन के साथ हुए समझौते और जीएसटी दरों में राहत का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ लिए गए निर्णयों से राजस्थान ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। राजस्थान राइजिंग के तहत हुए बड़े निवेश समझौतों, विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि, जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन, किसानों को बढ़ी किसान सम्मान निधि और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे कदमों को उन्होंने उल्लेखनीय बताया।


भीलवाड़ा जिले को मिली सौगातों का उल्लेख करते हुए कोठारी ने कहा कि नगर निगम का दर्जा, माही डैम जल परियोजना, भीलवाड़ा-जयपुर एक्सप्रेस कॉरिडोर, एयर फ्लाइंग स्कूल, अमृत जल योजना, 132 केवी के दो व 33 केवी का एक ग्रिड, नगरवन, मानसरोवर, मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स अकादमी, गांधीनगर थाना, महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज और आधुनिक रोडवेज डिपो जैसी कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं, जिनके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


अपने वक्तव्य में विधायक कोठारी ने गौमाता के संरक्षण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के अनुदान में वृद्धि सराहनीय है, लेकिन सड़कों पर भूखी-प्यासी घूम रही गौमाता के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है। उन्होंने गौ नीति और पशुपालन नीति में ठोस बदलाव कर चारागाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पूर्व में प्रस्तुत ग्रीन बजट की तर्ज पर आगामी बजट को “कामधेनु परियर” की थीम पर प्रस्तुत किया जाए, जिससे गौ संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!