बिजौलिया। पोक्सो अधिनियम के तहत दर्ज एक गंभीर मामले में थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 6 माह से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित था।
यह कार्रवाई थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने बताया की थाने में दर्ज प्रकरण में आरोपी धर्मराज उर्फ धर्मेन्द्र पिछले 6 महीनों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में पुलिस कांस्टेबल राजवीर ने अहम भूमिका निभाते हुए सोजत सिटी जिला पाली में करीब 25 दिनों तक फाइनेंस कर्मी बनकर गुप्त रूप से सूचना एकत्रित की। पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सोजत सिटी से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी धर्मराज पुत्र शेषाराम बावरी निवासी लौहार कॉलोनी, मोड भट्टा, सोजत सिटी थाना सोजत सिटी जिला पाली का रहने वाला है।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल विश्राम ने भी सहयोग किया। पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।
