बिजोलिया बस स्टैंड पर अव्यवस्थाएं, भीषण गर्मी में यात्रियों को भारी परेशानी

BHILWARA
Spread the love



बिजोलिया । नरेश धाकड़।
क्षेत्र में लगातार बढ़ती गर्मी और आगामी हीट वेव की चेतावनी के बीच प्रशासनिक तैयारियां अधूरी नजर आ रही हैं। खासकर कस्बे के बस स्टैंड परिसर में बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

बस स्टैंड पर छाया के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से यात्रियों को दोपहर के समय तेज धूप में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच यह स्थिति खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

पीने के पानी की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। पानी का कूलर पूरी तरह से बंद हैं। ऐसे में यात्रियों और राहगीरों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

यात्रियों का कहना है कि गर्मी के साथ बसों का इंतजार करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम उठाए जाते नजर नहीं आ रहे हैं। वहीं बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं है, जिससे समस्याएं और बढ़ रही हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल गर्मी के मौसम में यही हालात बनते हैं, लेकिन समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जाता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हीट वेव से पहले बस स्टैंड पर छाया, ठंडे पानी और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।