बिजोलिया। नगर के प्रगति नगर क्षेत्र के पास रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक अपनी कार के पास मृत अवस्था में मिला, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
मृतक की पहचान अनिल पुत्र मोहन धाकड़ निवासी पुरोहितों का खेड़ा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राहगीरो ने युवक को कार के पास अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया और जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच घटना से जुड़ा एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, जिस स्थान के पास युवक का शव मिला, वहीं नजदीक सट्टे का अवैध खेल चल रहा था। जैसे ही मौत की खबर फैली, वहां मौजूद सटोरियों में हड़कंप मच गया और वे मौके से फरार हो गए।
जानकारी में यह भी सामने आया है कि शहर में पिछले चार दिनों से सट्टा माफिया सक्रिय हो गए हैं और खुलेआम सट्टे का अवैध कारोबार जोर-शोर से संचालित किया जा रहा है। इस घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और सट्टा नेटवर्क पर शिकंजा कसने की मांग तेज हो गई है।
फिलहाल पुलिस युवक की मौत के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। वहीं, आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।
