बड़लियास में उपडाकघर की मांग तेज, सांसद को सौंपा मांग पत्र:

BHILWARA
Spread the love



बड़लियास (रोशन वैष्णव)-

भीलवाड़ा जिले के बड़लियास क्षेत्र में शाखा डाकघर को उपडाकघर में क्रमोन्नत करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में मण्डल अध्यक्ष प्रकाश सांगावत के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने सांसद श्री दामोदर अग्रवाल को ज्ञापन ( मांग पत्र ) सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि कोटड़ी तहसील का प्रमुख कस्बा बड़लियास, उपतहसील मुख्यालय होने के बावजूद आज भी केवल शाखा डाकघर पर निर्भर है, जबकि निकटतम उपडाकघर हमीरगढ़ लगभग 30 से 35 किलोमीटर दूर स्थित है। इससे आमजन को डाक एवं बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। क्षेत्र में संचालित अनेक शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को पोस्टल ऑर्डर जैसे सामान्य कार्यों के लिए भीलवाड़ा, कोटड़ी, माण्डलगढ़ और बेगूं तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है।
      ज्ञापन ( मांग पत्र ) में यह भी उल्लेख किया गया कि बड़लियास क्षेत्र एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं जनसेवा केंद्र बन चुका है। यहां उपतहसील कार्यालय, सामुदायिक चिकित्सालय, 132 केवी विद्युत ग्रिड, पुलिस थाना, बैंक, पशु चिकित्सालय एवं जलदाय विभाग सहित कई सरकारी संस्थान संचालित हैं। इसके अंतर्गत सूठेपा, गेन्दलिया, आमा, बड़ला, आकोला, बरून्दनी, सुरास, जीवाखेड़ा, सवाईपुर, दोवनी, रेणवास, बनकाखेड़ा और गेगाखेड़ा जैसी अनेक ग्राम पंचायतें आती हैं।
प्रकाश सांगावत ने बताया कि वर्तमान शाखा डाकघर पर अत्यधिक कार्यभार होने से सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। विशेष रूप से वृद्धजन, महिलाएं और विद्यार्थी सबसे अधिक परेशान हैं। उन्होंने सांसद से जनहित को ध्यान में रखते हुए बड़लियास के शाखा डाकघर को शीघ्र उपडाकघर में क्रमोन्नत कराने की मांग की।
        इस अवसर पर मण्डल महामंत्री गोपाल राजस्थला भी उपस्थित थे। सांसद दामोदर अग्रवाल ने आश्वस्त किया कि इस विषय पर उनकी ओर से पूर्ण प्रयास किए जाएंगे।