अरनिया घोड़ा में विकास की नई राह, विधायक बैरवा ने किया करोड़ों के कार्यों का शिलान्यास

BHILWARA
Spread the love


सड़क और शिक्षा से बदलेगा गांव का स्वरूप, डीएमएफटी योजना से मिलेगी गति

शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
ग्राम पंचायत अरनिया घोड़ा में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) योजना के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न कार्यों का विधिवत शिलान्यास शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।


शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई लकीर खींची जा रही है।
उन्होंने बताया कि अरनिया घोड़ा क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और गांव के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। विशेष रूप से संपर्क सड़क के चैड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से आवागमन सुगम होगा, वहीं विद्यालय में नए कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इस अवसर पर जिन प्रमुख कार्यों का शिलान्यास किया गया, उनमें देवनारायण मंदिर (अरनिया घोड़ा) तक संपर्क सड़क का चैड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल है, जिसकी स्वीकृत राशि 60 लाख रुपये है। इसके अलावा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, सरदारपुरा में दो कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए 20.26 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत के नागरिकों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों से गांव की तस्वीर बदलेगी और आने वाले समय में क्षेत्र प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।