BHILWARA

गुटखा व्यापारी से 9.90 लाख की लूट का पुलिस ने 4 घंटे में किया पर्दाफाश

पूरी रकम बरामद – पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

भीलवाड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र में गुटखा व्यापारी से हुई 9.90 लाख रुपये की लूट का खुलासा पुलिस ने मात्र चार घंटे में कर दिया। पुलिस ने मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर सम्पूर्ण लूट की राशि बरामद कर ली। वारदात का खुलासा वैज्ञानिक और तकनीकी विश्लेषण के जरिए किया गया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर कोतवाली थानाधिकारी गजेन्द्रसिंह नरूका के नेतृत्व में पांच विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को सुलझाया।

मंगलवार रात शास्त्रीनगर निवासी धर्मंदास मंगनानी और उनका पुत्र सुनील दुकान बंद कर एक्टिवा से घर लौट रहे थे। मकान के बाहर सफेद रंग की स्विफ्ट कार से उतरे 6–7 बदमाशों ने उन पर हमला कर रुपये से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर व्यापारी और उनके पुत्र को चोटें भी आईं।

साइबर सेल और तकनीकी टीम ने गहन विश्लेषण कर संदिग्ध रूट और बदमाशों के हुलिए की पहचान की। इसके बाद हरणी महादेव के जंगल में सर्च अभियान चलाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से पूरी लूटी गई राशि बरामद कर ली गई।

पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सरजीत सिंह पुत्र रतन सिंह (उम्र 23 वर्ष), निवासी खडब, कोटपुतली, जयपुर है। जांच में सामने आया कि वारदात की साजिश व्यापारी की दुकान पर पहले काम कर चुके नौकर की योजना के तहत रची गई थी।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!