27 अप्रैल को भीलवाड़ा जिले में खाद-बीज की दुकानें रहेंगी बंद, डीलर्स एसोसिएशन का हड़ताल समर्थन

BHILWARA
Spread the love



बीगोद :
राजस्थान एग्रीकल्चरल इनपुट डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सभी जिला व तहसील संगठनों ने महाराष्ट्र संगठन की बेमियादी हड़ताल के समर्थन में एक दिवसीय सांकेतिक बंद करने का निर्णय लिया है।

भीलवाड़ा जिले के खाद-बीज विक्रेता संस्थान ने 27 अप्रैल को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल का समर्थन किया है। इस दिन जिले भर के सभी खाद-बीज विक्रेता अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे और आंदोलन में शामिल रहेंगे।

जिला संगठन के अध्यक्ष शांतिलाल पालीवाल ने बताया कि यह हड़ताल किसान और विक्रेताओं से जुड़े विभागीय मुद्दों के विरोध में की जा रही है। साथ ही कानूनी प्रक्रियाओं की जटिलताओं के खिलाफ भी यह कदम उठाया गया है। संगठन का कहना है कि मौजूदा नियमों के कारण व्यापारियों और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हड़ताल के तहत भीलवाड़ा जिले सहित सभी तहसील इकाइयों में खाद-बीज की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। संगठन के उपाध्यक्ष नरेंद्र काबरा और राजेंद्र भाटी ने सभी डीलरों से 27 अप्रैल को अपनी-अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की है।

इस दौरान कोषाध्यक्ष कुशल श्रीमाल, सचिव सुभाष चंद्र कटारिया, शांतिलाल शर्मा, गोवर्धन पाराशर, मुरलीधर सैनी, मीडिया प्रभारी योगेश गहलोत सहित मुजफ्फर और अन्य खाद-बीज विक्रेता मौजूद रहे।