सड़क निर्माण के बीच जल निकासी व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी जमा, पेयजल स्रोत दूषित होने का खतरा
काछोला 2माई.. काछोला तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरथला के राजपुरा गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान नाली निर्माण नहीं किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। शनिवार को ग्रामीणों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की तथा समस्या का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार कार्यालय अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, माण्डलगढ़ की ओर से थलकला से भोरण चौराहा तक सड़क सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य करोड़ों रुपए की लागत से कराया जा रहा है। सड़क निर्माण कार्य तो किया जा रहा है, लेकिन राजपुरा गांव में जल निकासी के लिए नाली निर्माण नहीं होने से गंदा पानी सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर जमा हो रहा है।
स्थानीय निवासी एवं भीम आर्मी जिला उपाध्यक्ष भीलवाड़ा दुर्गा लाल बैरवा ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क का पानी एक ही स्थान पर जमा होने से दुर्गंध फैल रही है तथा लोगों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव की मुख्य पानी की टंकी के सामने नाली नहीं होने से गंदा पानी जमा है, जो पास स्थित सार्वजनिक पेयजल बोरिंग के समीप रिसाव होकर भूमि में जा रहा है। इससे बोरिंग का पानी दूषित होने की आशंका बढ़ गई है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है और बीमारियां फैलने का खतरा बन सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर पहले भी विभागीय अधिकारियों और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। स्कूल के सामने और कई मकानों के पास जमा गंदा पानी लोगों के दैनिक जीवन में परेशानी का कारण बना हुआ है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर तत्काल पक्की नाली का निर्माण कराया जाए, पेयजल बोरिंग को सुरक्षित किया जाए तथा लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
दुर्गा लाल बैरवा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंगलवार तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय ग्रामीणों के साथ जिला कलेक्टर भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
फोटो कैप्शन 1: राजपुरा में पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते ग्रामीण।
फोटो कैप्शन 2: राजपुरा में नाली निर्माण नहीं होने से सड़क किनारे जमा गंदा पानी।
