*45 दिन बाद भी नहीं मिली गैस टंकी, बनेड़ा में उपभोक्ताओं में आक्रोश*

BHILWARA
Spread the love



*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़, बनेड़ा परमेश्वर दमामी*

नवगठित बनेड़ा नगर पालिका क्षेत्र में शहरी योजना के तहत गैस कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बावजूद गैस सिलेंडर (टंकी) उपलब्ध नहीं होने से आमजन में रोष बढ़ता जा रहा है।
नियमों के अनुसार, पहली गैस टंकी मिलने के 45 दिन बाद उपभोक्ता को दूसरी टंकी मिलना तय किया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई दिखाई दे रही है।
इसी क्रम में उपभोक्ता हेमंत सेन का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि उन्हें पहली गैस सिलेंडर की डिलीवरी 14 मार्च को मिली थी। इसके बाद नियमानुसार 45 दिन पूरे होने पर उन्होंने 30 अप्रैल को दूसरी टंकी के लिए बिल भी जमा कर दिया, लेकिन इसके बावजूद अब तक उन्हें टंकी नहीं मिल पाई है।
हेमंत सेन के अनुसार, उन्होंने कई बार गैस डिस्ट्रीब्यूटर राखी भारत गैस बनेड़ा पर संपर्क किया, लेकिन हर बार टंकी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई, जिससे उनके रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल एक उपभोक्ता तक सीमित नहीं है, बल्कि कई लोग इसी परेशानी से जूझ रहे हैं। योजना का लाभ समय पर नहीं मिलने से उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
वहीं, राखी गैस डिस्ट्रीब्यूटर के कर्मचारी आजाद ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से सप्लाई बाधित थी। आगे से गैस की सप्लाई नहीं मिलने के कारण बनेड़ा में वितरण नहीं हो पा रहा था। उन्होंने बताया कि अब गैस की गाड़ी आ चुकी है और बुकिंग के अनुसार जल्द ही नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
*प्रशासन से उठी प्रमुख मांगें:*
गैस टंकियों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए
वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुधार किया जाए
लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई हो
यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।