बाकरा में सरकारी धन की बर्बादी: 4 साल पहले बिछाई बिजली लाइन आज तक चालू नहीं,

BHILWARA
Spread the love

खेतों में खड़े खंभे बने किसानों के लिए मुसीबत
शक्करगढ़। क्षेत्र के बाकरा गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही और सरकारी धन की बर्बादी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 4 साल पहले कृष्ण गोपाल सेन के खेत से बाघ की झोपड़ियां की ओर नारायण पिता उदा मीणा के खेत तक विद्युत लाइन बिछाई गई थी। इसके लिए किसानों के खेतों में कई बिजली के खंभे भी लगाए गए, लेकिन लाइन आज तक चालू नहीं हो सकी।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में किसी कारणवश नारायण के खेत में दूसरी दिशा यानी भीमपुरा की तरफ से बिजली आपूर्ति पहुंचा दी गई, जिससे पहले से डाली गई लाइन पूरी तरह बेकार साबित हो रही है। पिछले चार वर्षों से यह लाइन बंद पड़ी है और खेतों में लगे खंभे किसानों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
किसानों का कहना है कि खंभों और तारों के कारण खेती कार्य प्रभावित होता है। ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की आवाजाही में दिक्कत आती है, वहीं कई बार हादसे की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को शिकायत दी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि या तो बंद पड़ी लाइन को शीघ्र चालू किया जाए या फिर अनुपयोगी खंभों और तारों को हटाकर किसानों को राहत दी जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच कर सरकारी धन की बर्बादी के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है।