गंगापुर। (मुकेश गुर्जर)प्रदेश में पिछले दो दिनों से जारी आंधी और बारिश का दौर शनिवार को चरम पर पहुंच गया। उपखंड क्षेत्र सहित आसपास के कई गांवों और कस्बों में दोपहर बाद अचानक तेज धूलभरी आंधी चलने से जनजीवन प्रभावित हो गया। आंधी के कारण शहर और गांव मिट्टी की चादर में लिपट गए तथा लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

तेज अंधड़ के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जबकि खुले क्षेत्रों में टीनशेड और अन्य हल्के ढांचे भी प्रभावित हुए। ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की सूचना मिली। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई घरों की छतों पर लगे सोलर पैनल तक उखड़ गए।
गंगापुर कस्बे के निवासी दिनेश चंद्र पिछोलिया ने बताया कि शनिवार रात्रि को चली तेज आंधी के दौरान उनके मकान की छत पर लगा सोलर प्लांट स्टैंड सहित उखड़ गया और पास स्थित नोहरे में जा गिरा। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि सोलर प्लांट को नुकसान पहुंचा है।
क्षेत्र के कई गांवों में भी पेड़ गिरने और छोटे-मोटे नुकसान की खबरें सामने आई हैं। आंधी और बारिश के कारण मौसम में ठंडक जरूर घुल गई, लेकिन किसानों और आमजन को नुकसान की चिंता भी सताने लगी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
