*विशाल साइकिल एवं पैदल रैली में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने दिखाई भागीदारी*
भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
जल संरक्षण, ईंधन बचत और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता का संदेश लेकर रविवार को भीलवाड़ा की सड़कों पर उत्साह, ऊर्जा और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन, जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र एवं भीलवाड़ा साइकिल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विशाल साइकिल एवं पैदल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली को सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी एवं जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नगर निगम स्थित चित्रकूट धाम पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि “वंदे गंगा अभियान केवल जल संरक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि यह राष्ट्रहित और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा जनआंदोलन है।” उन्होंने नागरिकों से जल की प्रत्येक बूंद बचाने का आह्वान करते हुए कहा कि साइकिल का अधिकाधिक उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि इससे ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान मिलता है।
विधायक अशोक कोठारी ने भी स्वयं पूरी रैली में साइकिल चलाकर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और प्रदूषण पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
रैली की खास बात यह रही कि इसमें छोटे बच्चों से लेकर 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों ने भी पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने
“वंदे गंगा का संदेश, जल बचाए पूरा देश”,
“जल बचाओ, पुण्य कमाओ” और
“जीवन में साइकिल अपनाएं, जल और ईंधन दोनों बचाएं”
जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
भीलवाड़ा साइकिल क्लब के प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि रैली में मदन खटोड़, राकेश सक्सेना, सुरेश बम्ब, दिनेश भट्ट, राजकुमार अजमेरा, मुकेश कुमावत, विजय कपूर, अजीत जैन, डॉ. देवेंद्र पुरी गोस्वामी, डॉ. फरियाद मोहम्मद, सुरेंद्र छीपा, प्रशांत सिंह परमार, सत्यनारायण राठी, सोम शर्मा सहित बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमियों ने भाग लिया।
वहीं पैदल रैली में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमियों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। जिला ओलंपिक संघ के लाजपत आचार्य, बास्केटबॉल प्रशिक्षक निशा राजपूत, टेबल टेनिस प्रशिक्षक गोपाल माली, बॉक्सिंग प्रशिक्षक राकेश धाकड़ एवं एथलेटिक्स प्रशिक्षक धर्मपाल यादव सहित अनेक खेल हस्तियां मौजूद रहीं।
इस प्रेरणादायी आयोजन के माध्यम से भीलवाड़ा ने जल संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण सुरक्षा का मजबूत संदेश देते हुए सामाजिक जागरूकता की नई मिसाल पेश की।
