बेखौफ बदमाश का आतंक : सरेआम भीड़भाड़ वाले चौराहे पर महिला से लूटी 2 तोले की सोने की चेन, CCTV में कैद हुई वारदात

BHILWARA
Spread the love



*ब्यूरो चीफ पुनित चपलोत*

भीलवाड़ा // प्रताप नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। गुरुवार रात करीब 8 बजे चंद्रशेखर आजाद नगर स्थित मुख्य चौराहे के पास एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बाइक सवार दो बदमाश फरार हो गए। वारदात का सीसीटीवी वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें आरोपी घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।


जानकारी के अनुसार आशा देवी शर्मा (55), पत्नी देवेंद्र शर्मा, निवासी चंद्रशेखर आजाद नगर गुरुवार रात्रि को सब्जी खरीदने के लिए कॉलोनी में ही गई थीं। इसी दौरान वह पास की एक दुकान से झाड़ू खरीद रही थीं, तभी बाइक पर आए दो बदमाशों में से एक बदमाश उतर कर आया ओर उनके गले से करीब दो तोले सोने की चेन झपट ली और अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए।
घटना मुख्य चौराहे और भीड़भाड़ वाले इलाके में होने से क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाश अब खुलेआम भीड़भाड़ वाले इलाकों को भी निशाना बनाने लगे हैं।

पीड़िता ने मामले में प्रताप नगर थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्रताप नगर थानाधिकारी सुनील ताड़ा ने बताया कि महिला के साथ हुई चेन लूट के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।