शहरी सेवा शिविर में उमड़ा जनसैलाब, एक ही मंच पर मिली विभिन्न सेवाएं, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह

BHILWARA
Spread the love



बिजौलिया (नरेश धाकड़)16 जून। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार नगर पालिका मंडल बिजौलिया द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 आमजन के लिए राहत और सुविधा का प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है। शिविर में नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिली और लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।


शिविर में सांसद दामोदर अग्रवाल, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष  राजू बंजारा पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज गोदा की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की सराहना की तथा अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण करते हुए लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज एवं स्वीकृतियां प्रदान की गईं। नागरिकों ने सरकार की इस पहल को जनहितकारी बताते हुए इसकी मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा आयोजित शिविर में 15 फ्री होल्ड पट्टों का वितरण, 11 भवन निर्माण स्वीकृतियों का वितरण तथा 3 अन्य प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं आवेदनों का भी त्वरित निस्तारण किया गया।
अधिशाषी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
नगर पालिका बिजौलिया द्वारा आयोजित यह शिविर सुशासन, पारदर्शिता एवं त्वरित जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और प्रशासन की सक्रियता से आमजन में विश्वास और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।