बिजौलिया का 15 वर्षीय किशोर तीन दिन से लापता, भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर दिखने के बाद से नहीं मिला

BHILWARA
Spread the love



परिजनों की चिंता बढ़ी, पुलिस ने शुरू की तलाश

बिजौलिया। उपखंड क्षेत्र के मालीपुरा गांव का 15 वर्षीय किशोर पिछले तीन दिनों से लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर लगातार तलाश की, लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मालीपुरा निवासी ओमप्रकाश गाडोलिया का पुत्र सुशील कुमार गाडोलिया (रोहित) 29 जून की सुबह करीब 6 बजे घर से आरोली जाने के लिए निकला था। परिजनों ने उसे बिजौलिया बस स्टैंड से लोक परिवहन बस में बैठाया था, लेकिन वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा।

परिजनों ने पहले रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की। इसी दौरान जानकारी मिली कि 29 जून की शाम करीब 6 बजे सुशील को भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन पर देखा गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। लगातार तीन दिन बीत जाने के बावजूद किशोर के संबंध में कोई सूचना नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है।

परिजनों की रिपोर्ट पर बिजौलिया थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस संभावित स्थानों पर तलाश के साथ-साथ उपलब्ध तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भी किशोर की खोजबीन में जुटी हुई है।

गुमशुदा सुशील कुमार (रोहित) की उम्र करीब 15 वर्ष, रंग गेहुआं है। घर से निकलते समय वह जींस पैंट, जूते और हाथ में घड़ी पहने हुए था।

परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को किशोर के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल बिजौलिया थाना पुलिस अथवा उसके परिजनों को सूचित करें, ताकि उसे सकुशल घर पहुंचाया जा सके।