जहाजपुर (गजानंद जोशी)।
पंडेर स्थित प्रसिद्ध श्री दौलपुरा बालाजी धाम की आठवीं विशाल पदयात्रा बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। पदयात्रा में महिला, पुरुष और बच्चे भक्ति गीतों पर झूमते हुए तथा पुष्पवर्षा के बीच बालाजी के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। यात्रा में तीन डीजे वाहन भी साथ रहे, जिन पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रबंध समिति ने सुरक्षा, चिकित्सा, भोजन और मार्ग व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया तथा जलपान, शरबत और फल वितरित किए गए। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भक्तों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर बालाजी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
