बड़लियास (रोशन वैष्णव)। बड़लियास कस्बे के निकट स्थित धोला भाटा चौराहे पर बुधवार को दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया।
घायल की पहचान ओड़पुरिया निवासी पप्पू ओड़ के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के बाद एक बार फिर धोला भाटा चौराहा चर्चा का विषय बन गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह चौराहा बेहद व्यस्त है, जहां चारों दिशाओं से सड़कें आकर मिलती हैं और यह भीलवाड़ा व बैगु जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित है। तेज रफ्तार वाहनों और उचित सुरक्षा इंतजामों के अभाव में यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे लंबे समय से इस चौराहे पर स्पीड ब्रेकर और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में संबंधित विभाग को कई बार दूरभाष एवं मौखिक रूप से अवगत भी कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? उनका कहना है कि यदि समय रहते स्पीड ब्रेकर एवं आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कर दिए जाएं तो यहां होने वाली दुर्घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।
