बिजोलिया। देवनारायण की बनी क्षेत्र में प्रस्तावित बंक्यारानी माता मंदिर के निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। बिजोलिया के ग्रामीणों ने गुर्जर समाज के कुछ लोगों पर मंदिर निर्माण में बाधा डालने और धमकियां देने का आरोप लगाते हुए बिजोलिया थाने में रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट में बताया गया है 21 जुलाई को मंदिर निर्माण का मुहूर्त निर्धारित है। आरोप है कि 18 जुलाई की शाम कुछ लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे और मंदिर नहीं बनने देने, निर्माण सामग्री तोड़ने तथा विरोध करने पर खून-खराबे की धमकी दी।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि मुहूर्त के दिन विवाद की स्थिति बन सकती है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और 21 जुलाई को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में थाना इंचार्ज एएसआई सुनील कुमार बेनीवाल ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी ।
