शक्करगढ़ थाना क्षेत्र में चोर सक्रिय, उरना गांव में पांच दिन में दूसरी चोरी

BHILWARA
Spread the love


कुएं से मोटर निकालकर केबल और स्टार्टर ले गए, ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की

शक्करगढ़। थाना क्षेत्र के उरना गांव में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पांच दिनों के भीतर गांव में दूसरी चोरी की वारदात सामने आने से किसानों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात अज्ञात चोर रमेश शर्मा के खेत स्थित कुएं पर पहुंचे। चोरों ने मोटर को कुएं से बाहर निकाल दिया और उसका स्टार्टर तथा विद्युत केबल चोरी कर फरार हो गए। सुबह खेत पर पहुंचने पर किसान को घटना की जानकारी मिली।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे करीब पांच दिन पहले भी गांव के कैलाश खटीक के खेत पर इसी तरह की चोरी हुई थी। वहां भी चोर मोटर को कुएं से बाहर निकालकर उसकी सामग्री चोरी कर ले गए थे। लगातार हो रही वारदातों से किसानों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त नहीं होने से चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने, चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने तथा किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।