भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा के सांसद दामोदर अग्रवाल को देश के सर्वश्रेष्ठ सांसदों में शामिल किया गया है। फेम इंडिया मैगज़ीन और एशिया पोस्ट के संयुक्त सर्वेक्षण में उन्हें 18वीं लोकसभा के पहले वर्ष के प्रदर्शन के आधार पर देश के शीर्ष 25 लोकसभा सांसदों की सूची में स्थान मिला है। इस उपलब्धि से भीलवाड़ा जिले में खुशी का माहौल है और समर्थकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
सर्वे के अनुसार सांसद दामोदर अग्रवाल की संसदीय उपस्थिति 99 प्रतिशत रही। उन्होंने लोकसभा में 223 प्रश्न पूछे, 26 बहसों में भाग लिया और तीन निजी विधेयक प्रस्तुत किए। उनकी सक्रियता राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक रही, जिसे उनकी प्रभावी संसदीय भूमिका का प्रमाण माना गया है।
सांसद अग्रवाल ने संसद में भीलवाड़ा के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इनमें पीएम मित्र योजना के तहत टेक्सटाइल पार्क की मांग, भीलवाड़ा–मुंबई रेल सेवा, अजमेर–कोटा रेल लाइन, नाथद्वारा–जयपुर रेल लाइन, रेलवे ओवरब्रिज, भीलवाड़ा–शाहपुरा–देवली फोरलेन, सीजीएचएस वेलनेस सेंटर, हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे विषय प्रमुख रहे। इसके अलावा नंदासा स्तूप को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने, पर्यटन विकास, अवैध खनन, पर्यावरण संरक्षण और जैविक कृषि जैसे मुद्दे भी उन्होंने सदन में उठाए।
सांसद निधि के माध्यम से उन्होंने स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, सामुदायिक भवन, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर स्थानीय समस्याओं को संसद और संबंधित मंत्रालयों तक पहुंचाने की उनकी कार्यशैली को भी सराहा गया।
फेम इंडिया के अनुसार यह सर्वे सांसदों की संसदीय उपस्थिति, बहसों में भागीदारी, पूछे गए प्रश्न, निजी विधेयक, सांसद निधि के उपयोग, जनसंपर्क, क्षेत्रीय विकास, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक छवि जैसे विभिन्न मानकों पर आधारित रहा। इसमें नागरिकों, शिक्षाविदों, वरिष्ठ पत्रकारों और विशेषज्ञों की राय भी शामिल की गई।
इस वर्ष पहली बार राज्यसभा सांसदों को भी सर्वे में शामिल किया गया, जबकि मंत्रिपरिषद के सदस्यों और लोकसभा व राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष को निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए सूची से बाहर रखा गया। शीर्ष सांसदों की सूची में अनुराग ठाकुर, शशि थरूर, सुप्रिया सुले, तेजस्वी सूर्या, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पी.पी. चौधरी, राहुल कसवां, पप्पू यादव, मनीष तिवारी और दामोदर अग्रवाल सहित देश के 25 सांसदों को स्थान मिला है।
