बिजौलिया – शुभम । कस्बे के सामाजिक संगठन युवा शक्ति क्लब द्वारा आयोजित ‘गुरु वंदन’ कार्यक्रम के अंतर्गत इस वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं दीर्घकालीन योगदान के लिए वरिष्ठ शिक्षाविद् घनश्याम सोनी का श्रीफल एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
ज्ञातव्य है कि घनश्याम सोनी पिछले लगभग 42 वर्षों से शिक्षा जगत की सेवा कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में हजारों विद्यार्थियों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त की है। उनके द्वारा शिक्षित अनेक छात्र आज चिकित्सक, अभियंता, शिक्षक, पटवारी तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी उल्लेखनीय सेवाओं से समाज का गौरव बढ़ा रहे हैं। घनश्याम सोनी का संपूर्ण जीवन शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। ऐसे प्रेरणास्रोत शिक्षक का सम्मान करना समाज के लिए गौरव एवं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने उनका अभिनंदन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर युवा शक्ति क्लब के गजेंद्र सिंह चौहान, प्रवीण विजयवर्गीय, नरेश सिंह तंवर, एकलिंग कोली, सुनील खटीक, धर्म सिंह पंवार, गौरव शर्मा,मनीष धाकड़ उपस्थित रहे।
