14 सितंबर से नगर पालिका चौक में होगा आयोजन, 25 सितंबर को होगा गणपति विसर्जन
बिजोलिया। कस्बे में गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का आगाज हो गया है। रविवार रात गणेश महोत्सव समिति की प्रथम बैठक माँ विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण में आयोजित हुई, जिसमें महोत्सव को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पंडाल निर्माण, आकर्षक सजावट, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने इस वर्ष भी हर वर्ष की तरह नगर पालिका चौक में गणेश महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया।
विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड मंत्री दीपक गौड़ ने बताया कि महोत्सव के सफल संचालन के लिए समिति की ओर से वरदान नायक, चंदन राजपूत एवं मनोज रेगर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि हिंदू परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भगवान श्री गणेश की मिट्टी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा का निर्माण कोटा में कराया जा रहा है तथा समिति के सदस्य 12 सितंबर को प्रतिमा लेने जाएंगे।
समिति के अनुसार 14 सितंबर को विधि-विधान के साथ गणेश महोत्सव का शुभारंभ होगा, जबकि 25 सितंबर को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
बैठक में वरदान नायक, उमेश शर्मा, चंदन राजपूत, चीनू पंवार, मनोज रेगर, गजु मालवीय, करण मेहरा, रोहित रेगर, कमल, नितिन कोली नायक, करण नायक, अनुराग नायक, सुमित चौहान, त्रिलोक पंवार, जेपी नायक, रुद्र नायक, मोहित दमामी, भेरू नायक सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य उपस्थित रहे।
