शिक्षा और समाज को मिली नई ताकत, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने एक दिन में दी दो बड़ी सौगातें
बावड़ी में शिक्षा पर जोर, फूलिया कलां में माली समाज को निःशुल्क पट्टा
शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के विकास और सामाजिक सशक्तिकरण को नई गति देते हुए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेकर विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बावड़ी में आयोजित संस्था प्रधान सत्रारंभ वाक्पीठ-2026 का उद्घाटन कर शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और नवाचार का संदेश दिया, फूलिया कलां में माली समाज को पंचायत नोहरे का निःशुल्क पट्टा सौंपकर सामाजिक संगठनों को स्थायी आधार उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय पहल की।
बावड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधायक डॉ. बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में संस्था प्रधान सत्रारंभ वाक्पीठ-2026 का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में शाहपुरा ब्लॉक के समस्त संस्था प्रधान, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने संस्था प्रधानों से आह्वान किया कि वे विद्यालयों में ऐसा वातावरण तैयार करें, जहां विद्यार्थी केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित न रहकर संस्कार, नैतिकता, नेतृत्व क्षमता और नवाचार के गुण भी विकसित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ पढ़ाने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करने वाले शिल्पकार हैं।
डॉ. बैरवा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, डिजिटल शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि शहर और गांव की शिक्षा के बीच की दूरी कम हो सके।
इसी अवसर पर विधायक ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत निर्मित दो नवीन कक्षा-कक्षों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नए कक्षा-कक्ष बनने से विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा और विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम से पूर्व विधायक डॉ. बैरवा के बावड़ी (ईटड़िया) पहुंचने पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद सांगरिया प्रवास के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने विशेष रूप से बालिका विद्यालय से जुड़ी मांगें विधायक के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके बाद विधायक डॉ. बैरवा फूलिया कलां पहुंचे, जहां उन्होंने माली समाज को एक लंबे समय से प्रतीक्षित सौगात देते हुए पंचायत नोहरे का निःशुल्क पट्टा समाज के प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विधिवत सुपुर्द किया। पट्टा प्राप्त होने पर समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्होंने विधायक का अभिनंदन करते हुए इस पहल को ऐतिहासिक बताया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि किसी भी समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती के लिए पंचायत नोहरा और सामुदायिक भवन अत्यंत आवश्यक होते हैं। निःशुल्क पट्टा मिलने से अब नोहरे का योजनाबद्ध विकास संभव होगा तथा विवाह समारोह, सामाजिक बैठकें, सांस्कृतिक आयोजन, प्रतिभा सम्मान समारोह और समाज हित के अन्य कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी समाजों को समान अवसर उपलब्ध कराने और सामाजिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक संगठनों को स्थायी आधार मिलने से समाज में एकजुटता बढ़ेगी और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
माली समाज के वरिष्ठजनों एवं समाज समिति के पदाधिकारियों ने विधायक डॉ. बैरवा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही मांग पूरी होने से समाज को विकास की नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अब पंचायत नोहरे का समुचित विकास होगा और समाज की गतिविधियों को स्थायी मंच प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अभिषेक कलाल, महावीर हेड़ा, मंडल महामंत्री जगदीश प्रजापत, रामधन जी, राकेश जी, रामकिशन जी, देवकुश जी सहित माली समाज के गणमान्य नागरिक, समाज समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं बावड़ी में आयोजित शिक्षा कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, संस्था प्रधान, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
